बागपत। दिल्ली में ड्यूटी कर वापस लौट रहे डीटीसी चालक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। डीटीसी चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। उधर डीटीसी चालक की मौत होने से गांव में शोक छा गया।
शिकोहपुर गांव का रहने वाला प्रवीण (30) डीटीसी में संविदा पर चालक था। वह बृहस्पतिवार रात दिल्ली में ड्यूटी कर घर वापस लौट रहा था। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर हीना गार्डन के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने प्रवीण को कुचल दिया। प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी होने पर काफी संख्या में ग्रामीण पोस्टमार्टम हाऊस पहुंचे। इस मामले में कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
आर्थिक तंगी से जूझ रहा प्रवीण का परिवार
शिकोहपुर गांव के ग्रामीण सतपाल, विकास, अजीत आदि ने बताया कि प्रवीण का परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। प्रवीण का बड़ा भाई हरियाणा में प्राइवेट नौकरी करता है। प्रवीण की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। घर में चार माह का बेटा भी है। उन्होंने बताया कि डीटीसी में संविदा पर काम कर प्रवीण परिवार का गुजर बशर कर रहा था। प्रवीण की मौत होने से परिवार के सामने गुजर बशर की समस्या भी बढ़ गई। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की मांग की।