-सुएं से किए थे कई वार, निजी अस्पताल से किया गया मेरठ रेफर
बड़ौत। बिनौली थाना क्षेत्र के अंगदपुर में घर पर सो रहे दूसरे समुदाय के अधेड़ व्यक्ति के पेट में एक युवक ने सुआं घोंपकर उसकी हत्या का प्रयास किया। आरोपी ने अधेड़ पर कई वार किए, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। आरोपी युवक शराब के नशे में था, जो घटना के बाद फरार हो गया। घटना को लेकर तनाव बना हुआ है।
अंगदपुर जौहड़ी में 50 वर्षीय मुमताज उर्फ शक्ति अपने घर सोया हुआ था। इसी दौरान शराब के नशे में एक युवक उसके घर में घुस गया। आरोपी युवक ने सोते हुए ही मुमताज पर सुएं से वारकर उसकी हत्या का प्रयास किया। आरोपी युवक ने कई वार मुमताज पर किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
-मरा समझकर भाग गया आरोपी युवक
घटना के बाद आरोपी मुमताज को मरा समझकर फरार हो गया। परिजनों ने मुमताज को गंभीर हालत में बड़ौत के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने चिंताजनक हालत में उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। उधर, घटना को लेकर गांव में तनाव बना हुआ है। इंस्पेक्टर एनएस सिरोही ने बताया कि रविवार देर रात यह घटना हुई। घायल का इलाज मेरठ के एक अस्पताल में चल रहा है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।