खेकड़ा । ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर बड़ागांव के पास दो ट्रकों की भिड़ंत में एक ट्रक के चालक की मौत हो गई। जिसके शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना देकर घटनास्थल पर बुलाया।
हापुड़ के मोहल्ला सिकंदर गेट का रहने वाला माजिद (38) ट्रक चालक है, जो मंगलवार रात ट्रक में केमिकल भरकर गाजियाबाद से हरियाणा के पानीपत जा रहा था। जब वह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर बड़ागांव के समीप ओवरब्रिज के पास पहुंचा तो मौसम खराब हो गया। तब चालक माजिद अपना ट्रक एक्सप्रेस वे के किनारे खड़ा कर तिरपाल का रस्सा ठीक से खींचने लगा। तभी पीछे से आ रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसके ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में माजिद की मौके पर ही मौत हो गई। उधर हादसे के बाद चालक दूसरा ट्रक लेकर भाग गया। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।