बागपत। प्रदेश से माफिया घोषित अपराधी विक्रांत उर्फ विक्की सुन्हैड़ा को नीटू हत्याकांड में हाईकोर्ट से जमानत मिल गई जबकि विक्की सुन्हैड़ा की जमानत देने वाले चारों जमानतियों के खिलाफ खेकड़ा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रिवर पार्क के समीप काठा गांव के रहने वाले फाइनेंसर मनोज उर्फ नीटू की तीन अगस्त 2013 की शाम गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजनों ने विक्रांत उर्फ विक्की सुन्हैड़ा समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। जिसके बाद से विक्की सुन्हैड़ा जेल में बंद है। उसके अधिवक्ता ने प्रयागराज हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर कराई, जिसमें सुन्हैड़ा गांव के रामकुमार, सतेंद्र, वीरेंद्र, जगपाल ने जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल किया। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने विक्की सुन्हैड़ा की जमानत याचिका मंजूर कर ली।
उधर विक्की सुन्हैड़ा के चारों जमानतियों पर ऋषिपाल निवासी बावली ने जमीन के विवाद में दस लाख रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने चारों जमानतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इस मामले एएसपी एनपी सिंह का कहना है कि विक्की सुन्हैड़ा को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। किसान से रुपये मांगने और धमकी देने के मामले के मुकदमे में जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।