बागपत। बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण की ओर से तैयार कराया गया महायोजना 2031 का ड्राफ्ट अभी तक मिला भी नहीं और उस पर 11 जुलाई से आपत्ति मांगने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों का दावा है कि 11 जुलाई से पहले महायोजना का ड्राफ्ट मिल जाएगा और उस पर कोई भी व्यक्ति, संस्था 11 जुलाई से दस अगस्त तक अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज करा सकता है।
बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण के सचिव अपर जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से तैयार की गई महायोजना पर व्यक्ति, संस्था की ओर से आपत्ति या सुझाव देने का प्रावधान है। कोई भी व्यक्ति या संस्था महायोजना से संबंधित अपनी आपत्ति या सुझाव प्राधिकरण के पास ऑनलाइन दर्ज करा सकता है।
इसके अलावा कलक्ट्रेट स्थित प्राधिकरण के कार्यालय में डाक या व्यक्तिगत रूप में भी आपत्ति दो प्रतियों में दर्ज करा सकता है। दस अगस्त के बाद आने वाली किसी भी आपत्ति पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। महायोजना (ड्राफ्ट) की प्रति कलक्ट्रेट सभागार के अलावा नगर पालिका बागपत, बड़ौत, खेकड़ा, सचिव कार्यालय और नगर पंचायत अग्रवाल मंडी टटीरी व प्राधिकरण की वेबसाइट पर जल्द डालने का दावा किया जा रहा है। एडीएम ने बताया कि यहां नगर योजनाकार नहीं है, इसलिए गाजियाबाद के नगर योजनाकार कार्यालय से महायोजना तैयार होती है और उसकी कॉपी जल्द ही मिलेगी।