- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खेल करने पर दो चिकित्सकों के नाम हत्या के मुकदमे में किए गए थे शामिल
- डीएम व सीएमओ को मुकदमे से नाम नहीं निकालने पर 24 घंटे बाद स्वास्थ्य सेवाएं ठप करने की चेतावनी
फोटो-13
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खेल करने पर दो चिकित्सकों का नाम हत्या के मुकदमे में शामिल करने के विरोध में जिलेभर के चिकित्सक उतर गए हैं। उन्होंने डीएम व सीएमओ को सोमवार को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे में मुकदमे से नाम नहीं निकाले गए तो सभी स्वास्थ्य केंद्रों का कार्य बहिष्कार कर हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
बैठक में चिकित्सकों ने कहा कि 26 जुलाई को डॉ. दीपक कुमार व डॉ. मुकेश दीपक ने पलड़ा गांव की युवती सानिया का पोस्टमार्टम किया था। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं किया गया था। दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया तो गला दबाकर हत्या करना सामने आया था। इसके बाद दोनों चिकित्सकों को साजिश में शामिल रहने और साक्ष्य मिटाने में आरोपी बनाया गया है।
वहीं चिकित्सकों ने कहा कि पोस्टमार्टम फॉरेंसिक एक्सपर्ट करते हैं और यहां कोई भी फॉरेंसिक एक्सपर्ट नहीं है। फिर भी चिकित्सक स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने के लिए पोस्टमार्टम करते हैं। ऐसे में तो सभी चिकित्सकों को पोस्टमार्टम करने में दोषी ठहरा दिया जाएगा और कोई भी चिकित्सक पोस्टमार्टम नहीं कर पाएगा।
उन्होंने डीएम अस्मिता लाल व सीएमओ डॉ. तीरथलाल को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे में दोनों चिकित्सकों का नाम रिपोर्ट से नहीं निकाला गया तो सभी सीएचसी व पीएचसी पर कार्य को ठप कर हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इसका जिम्मेदार प्रशासन होगा और कोई भी चिकित्सक पोस्टमार्टम तक नहीं करेगा। वहीं देर शाम चिकित्सकों व डीएम की वार्ता हुई तो डीएम ने जल्द ही समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर डॉ. यशवीर सिंह, डॉ. विकास कुमार, डॉ. आदित्य, डॉ. पुनीत, डॉ. वरूण शर्मा, डॉ. विभाष राजपूत, डॉ. प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।
वर्जन
- चिकित्सकों से वार्ता हुई और सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में स्वास्थ्य सेवा बाधित नहीं होगी और मरीजों का समय से उपचार कराया जाएगा।-डॉ. तीरथलाल, सीएमओ