फर्जी अल्ट्रासाउंड सेंटर का मामला
सीएमओ बोले, जांच में गड़बड़ी मिली तो की जाएगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कस्बा अमीनगर सराय में पकड़े गए फर्जी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर चिकित्सक ने मंगलवार को अपने बयान बदल दिए है। उसने स्वास्थ्य विभाग को ईमेल भेज कर छापे के दौरान दिल्ली में होने की बात कही है। जबकि छापे के दौरान उसने फोन पर सेंटर के रजिस्ट्रेशन की जानकारी न होने की बात कही थी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को कस्बा अमीनगर सराय में छापा मार कर फर्जी अल्ट्रासाउंड सेंटर को बंद कराया था। सेंटर मध्यप्रदेश के एक चिकित्सक पुष्पराज सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड था। टीम को मौके पर सेंटर संचालक अनुराग आर्य की पत्नी एक महिला का अल्ट्रासाउंड करते हुए मिली थी। टीम द्वारा चिकित्सक से फोन पर वार्ता की तो उसने सेंटर के रजिस्ट्रेशन के बारे में इंकार किया था। चिकित्सक ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को लिखित में सेंटर के बारे में जानकारी न होने का बयान दिया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेंटर को बंद कराकर संचालक को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के निर्देश दिए थे। विभाग से नोटिस का जवाब न देने पर सेंटर संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी थी।
अब चिकित्सक पुष्पराज सिंह ने अपना बयान बदल दिया है। चिकित्सक ने मंगलवार को सीएमओ कार्यालय में भेजी ई-मेल पर सोमवार को दिल्ली में अपने पिताजी का उपचार कराने के लिए जाने के बारे में जानकारी दी है। चिकित्सक का कहना है कि छापे के दौरान वह अपने पिता का इलाज कराने के लिए दिल्ली गया हुआ था। सीएमओ डॉ आरके टंडन का कहना है कि सोमवार को छापे के दौरान चिकित्सक ने सेंटर के रजिट्रेशन से इंकार किया था। मंगलवार को उसने ईमेल से छापा मारी के दौरान दिल्ली में पिताजी का इलाज कराने की सूचना दी है। मामले की जांच की जा रही है।