आर्थिक गणना में कोई छूट न पाए
बागपत। विकास भवन सभागार में सातवीं आर्थिक गणना कार्यक्रम को लेकर सीएससी सेंटर संचालकों की बैठक हुई। लखनऊ से आए अधिकारियों ने प्रगति के विषय में जाना। गणनकों ने कहा कि मुस्लिम क्षेत्र में समस्या आ रही है।
कॉमन सर्विस सेंटर स्टेट टीम लखनऊ से आए अजय चौबे ने सीएससी सेंटर संचालकों को बताया कि जनपद में लोगों के बीच डोर टू डोर जाना है। जितने छोटे-बड़े उद्यमी है, उन सभी की गणना होगी। जो भी व्यक्ति छह माह से रह रहा है, उसकी भी गणना की जाएगी, चाहे व जनपद में हो या दूसरे जनपद में होगा तो उसकी गणना दूसरे जनपद की होगी। अगर पढ़ाई करने वाला पिछले छह माह से दूसरे जनपद में तो उसकी गणना वहीं की जाएगी। इस दौरान सीएससी सेंटर संचालकों ने ग्रामीण क्षेत्र के मुस्लिम इलाकों की समस्या रखीं। बताया सीएए और एनआरसी को देखते हुए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डौला गांव में सीएससी सेंटर संचालकों के साथ मारपीट भी की गई। इस पर अधिकारियों ने जिला प्रबंधक रोहित और बॉबी को डीएम से शिकायत कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा। प्रशिक्षण में संचालकों को डिजिटल एप्लीकेशन पर कैसे आर्थिक उद्यमों का पंजीयन करना है, आदि के बारे में बताया गया। अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी एम पी सिंह और उनकी टीम मौजूद रहे।