बागपत। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को ट्यौढ़ी गांव के अंग्रेजी मीडियम प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में स्कूल में शिक्षण व्यवस्था सही न मिलने पर उन्होंने शिक्षकों को फटकार लगाई। डीएम ने प्रधानाध्यापक व दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
विद्यालय में 181 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण है। शनिवार को विद्यालय में 107 छात्र-छात्राएं उपस्थिति मिले। विद्यालय में प्रधानाध्यापक अनिल कुमार के अलावा छह सहायक अध्यापक और एक शिक्षा मित्र कार्यरत हैं। कक्षा पांच के एक छात्र की कॉपी में स्पेलिंग गलत मिली। विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता खराब मिलने पर डीएम ने प्रधानाध्यापक अनिल कुमार के अलावा सहायक अध्यापिका प्रज्ञा व कोमल धीरान को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि 18 फरवरी को विद्यालय का फिर से निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने निरीक्षण में शिक्षण कार्य में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।