बड़ौत। श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन योजना के अंतर्गत बासौली गांव में निर्माणाधीन स्टेडियम का मंगलवार को डीएम ने निरीक्षण किया। डीएम राजकमल यादव ने कहा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच थर्ड पार्टी द्वारा कराई जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य में तीव्रता लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव कृष्णपाल से जल निगम की टंकी से कनेक्शन की जानकारी चाही, लेकिन जानकारी नहीं मिलने पर डीएम ने सचिव को फटकार लगाई। उन्होंने गांव में तालाब का सौंदर्यीकरण कराने के साथ गांव में बने पशु सेवा केंद्र में दवाइयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व डीएम ने बड़ौत में अमृत योजना के अंतर्गत आवास विकास कॉलोनी के वार्ड नंबर नौ स्थित बड़ा पार्क का निरीक्षण किया। चेयरमैन अमित राणा ने बताया कि पार्क का निर्माण 1.73 करोड़ धनराशि से बनाया जा रहा है। इस अवसर पर एसडीएम दुर्गेश मिश्र, जिला विकास अधिकारी हुबलाल व अन्य अधिकारी रहे।