बागपत। पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिसकर्मियों की छुट्टी पर रोक लगा दी है। जिले में कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे जिले को पांच क्षेत्रों, 13 खंडों और 54 उपखंडों में बांटा गया है।
इन सभी क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बाजारों में लगातार पैदल गश्त की जाएगी। साथ ही, मुख्य चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। दिवाली पर्व पर गुफा मंदिर, भैंडीनाथ मंदिर और चकबंदी देवता पर विशेष मेले आयोजित होंगे। दिवाली से लेकर भैयादूज तक इन धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों को बाजार में पैदल गश्त, यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस अधिकारी तैनाती का निरीक्षण करेंगे। अनुपस्थित पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
-आपात स्थिति से निपटने को तैयार रहेगी पुलिस
आपात स्थिति से निपटने के लिए डायल 112 की टीमें सक्रिय रहेंगी। अग्निशमन की टीमें भी किसी भी अप्रिय घटना के लिए तैनात रहेंगी। पुलिसकर्मियों के जिला छोड़ने पर भी सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। यदि कोई पुलिसकर्मी जिला छोड़कर बाहर जाता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह सभी कदम त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए हैं।