संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बाजार बंदी को लेकर बागपत के व्यापारियों में विवाद हो गया है। संयुक्त वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी मंगलवार को बाजार बंद रखने पर अड़े हुए है। उन्होंने मंगलवार को बाजार बंद भी रखा। उधर, व्यापारियों का दूसरा गुट शुक्रवार को बाजार बंद करेगा। उन्होंने मंगलवार को दुकान खोलकर हंगामा भी किया।
प्रशासन ने बागपत में बाजार बंद रखने का दिन शुक्रवार तय किया था। मगर, संयुक्त वेल्फेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष नंदलाल डोगरा, संजय रूहेला, विक्की चौधरी, बॉबी चौहान आदि ने डीएम को ज्ञापन देकर मंगलवार को बाजार बंद की मांग रखी। उन्होंने तर्क दिया था कि बागपत में शुक्रवार को शुक्र बाजार लगता है और गांवों से काफी लोग खरीदारी करने आते है। इससे व्यापार बढ़ जाता है। इस पर प्रशासन ने बागपत के लिए बाजार बंद का दिन बदलते हुए मंगलवार तय कर दिया था। अब इसका व्यापारियों के दूसरे गुट ने विरोध शुरू कर दिया है। इसलिए ही मेरठ रोड के बाइक व कार मिस्त्री, चाय विक्रेता आदि ने मंगलवार को दुकानें खुली रखी। दिलशाद, नईम, इरशाद, फईम खान, गफ्फार, हाजी इकराम, अंशुल जैन, सुरेश चंद शर्मा, नवीन कुमार आदि ने हंगामा करते हुए कहा कि वह शुक्रवार को बाजार बंद रखेंगे। उनका कहना था कि काफी साल से शुक्रवार को बाजार बंद होता रहा है और अब भी शुक्रवार को बाजार बंद होना चाहिए।