एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि चेकिंग के दौरान कैड़वा मोड़ से उज्ज्वल उर्फ बल्ले को गिरफ्तार किया। जिसने पूछताछ में शानू त्यागी की हत्या करने की जानकारी दी। पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि 22 अगस्त को वह हरिद्वार से वापस लौट रहा था, तभी कार सवार शानू त्यागी ने पिलाना मोड़ जाने का रास्ता पूछा तो उसने भी वहीं जाने की बात कहकर लिफ्ट ले ली।
झूठ बोलकर वह शानू त्यागी को पुट्ठी धनौरा वाली सड़क पर ले गया। जहां शानू की गर्दन पर चाकू रखकर रुपये मांगे तो शानू ने विरोध किया। उसने चाकू से वार कर शानू की हत्या कर दी और चार हजार रुपये लूटकर भाग गया।विज्ञापन
हत्या के बाद नलकूप पर नहाया, कपड़े बदले और दिल्ली भाग गया
सीओ क्राइम अनिल कपरवान ने बताया कि शानू त्यागी की हत्या के बाद वह पास के एक नलकूप पर गया। वहां नहाने के बाद खून से सने कपड़े धोकर बदले और फिर बेग में चाकू व कपड़े छिपाकर दिल्ली भाग गया।
सुल्फा खरीदने के लिए की थी लूट
पुलिस का दावा है कि हत्यारोपी उज्ज्वल उर्फ बल्ले दिल्ली में कार धोने का काम करता है, जो सुल्फा पीने का आदी है और घटना के समय भी सुल्फे के नशे में था। सुल्फा खरीदने के लिए रुपये नहीं होने पर उज्ज्वल उर्फ बल्ले ने कार चला रहे शानू त्यागी से लूटपाट की और फिर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने फूंसवाली मस्जिद के पास से चाकू खरीदा था।