सीआईएस के औद्योगिक संगम कार्यक्रम का उद्गाटन करते अतिथि और संस्था पदाधिकारी। स्त्रोत-स्वयं।
सहारनपुर। सीआईएस के औद्योगिक संगम के पांचवें दिन उद्यमियों की समस्याओं पर मंथन हुआ। नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि अधिकारियों से उद्यमियों का खुलकर संवाद होना समस्याओं के समाधान की दिशा में बड़ा कदम है। संस्था का यह प्रयास उद्योग और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करेगा।
संगम के पांचवें दिन पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) सहारनपुर, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) सहारनपुर एवं यातायात पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने कहा कि संवाद का उद्देश्य उद्योगों और प्रशासन के बीच सेतु का निर्माण करना है। पिछले चार दिनों में उद्यमियों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं और अधिकारियों ने संतोषजनक उत्तर दिए। पांचवें दिन का यह सत्र भी उसी क्रम में उपयोगी रहा।
विद्युत निगम के मुख्य अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि निगम बेहतर सुविधा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। स्मार्ट मीटर योजना से उपभोक्ताओं को बिलिंग, कलेक्शन और रिवीजन में पारदर्शिता व सुविधा मिलेगी। शिकायत दर्ज कराने के लिए 1912 हेल्पलाइन उपलब्ध है। एआरटीओ एमपी सिंह ने कहा कि विभाग की 59 सेवाएं फेसलेस हो गई है।
आधार से मोबाइल नंबर लिंक होने पर तीन दिन के भीतर ऑटो-अप्रूवल की सुविधा उपलब्ध है। यातायात पुलिस विभाग की ओर शशि प्रकाश शर्मा ने बताया कि चालान की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है। चालान का भुगतान वर्चुअल कोर्ट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में जनता के सहयोग की आवश्यकता है और उद्योग प्रतिनिधि इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस मौके पर चेयरमैन एचएस चड्ढा, शरद भार्गव, शिव कुमार अरोडा, राकेश जैन, लकी धीमान, सुषमा बजाज, सुरेंद्र अरोडा, वेद मिश्रा आदि मौजूद रहे।