किरठल गांव में भयभीत बैठे इरशाद के परिजन
- फोटो : BAGHPAT
किसानों ने भागकर अपनी जान बचाई, पुलिस से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला (बागपत)। किरठल गांव के जंगल में बृहस्पतिवार सुबह खेतों पर काम करने गए किसानों के पीछे कुख्यात धर्मेंद्र किरठल गिरोह के बदमाश हथियार लेकर दौड़ पड़े। किसानों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। थाने पहुंच कर पुलिस को घटना की जानकारी दी और रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
किरठल गांव में दिसंबर 2020 में खेत में काम करते हुए इरशाद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। परिजनों की ओर से कुख्यात धर्मेंद्र किरठल सहित चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस अभी तक भी धर्मेंद्र को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। आरोप है कि इसी कारण धर्मेंद्र के हौसले बुलंद है और वह इरशाद के परिजनों पर समझौता करने का दबाव बना रहा है। इरशाद के बेटे सद्दाम और अखलाक ने बताया कि वह अपने परिजन और गुलाब, एजाज अली, मुन्ना आदि किसानों के साथ बृहस्पतिवार को खेत में काम करने गए थे। आरोप है कि उनके पीछे धर्मेंद्र किरठल गिरोह के शातिर बदमाश तमंचे और दूसरे हथियार लेकर दौड़े पड़े। उन्होंने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई और घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद थाने पहुंचे और तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इंस्पेक्टर शिव प्रकाश का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर भी मिल गई है। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच करने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।