बागपत। उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना में दान के धन से ग्राम पंचायतों में विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। जिसमें स्कूलों में स्मार्ट क्लास से लेकर गांव में सीसीटीवी कैमरों, तालाबों के जीर्णोद्धार समेत अन्य कार्य कराकर दानदाता अपने नाम से बोर्ड लगवा सकते हैं। सभी कार्यों में विभाग की तरफ से 40 फीसदी बजट खर्च किया जाएगा।
डीपीआरओ अमित त्यागी ने बताया कि ग्राम पंचायतों में रहने वाले संपन्न लोगों की मदद से ग्राम पंचायतों में विभिन्न विकास कार्य कराने का प्लान तैयार किया गया है। गांवों में रहने वाले काफी लोग अच्छे पदों पर नौकरी कर रहे है या फिर देश विदेश में रहकर आर्थिक रूप से मजबूत हो चुके है और अपनी ग्राम पंचायतों के विकास में योगदान देना चाहते है। जिन्हें इच्छा पूरी करने में सरकार सहयोग भी देगी। मातृभूमि योजना के तहत होने वाले कार्य में दानदाता को 60 फीसदी धनराशि देनी होगी, जबकि 40 फीसदी धनराशि संबंधित विभाग की तरफ से खर्च की जाएगा। जहां दान दाताओं के नाम से शिलापट भी लगाया जाएगा।
ये कार्य करा सकेंगे दानदाता
डीपीआरओ ने दानदाता अपनी ग्राम पंचायत में स्कूल-कालेज में कक्षों का निर्माण, स्मार्ट क्लास का संचालन, सामुदायिक भवन निर्माण, आंगनबाड़ी रसोई, भंडारगृह का निर्माण, अंत्योष्टि स्थल का निर्माण, खेलकूद स्टेडियम, व्यायामशाला का निर्माण, तालाब का कायाकल्प, ड्रेनेज व्यवस्था, जल संरक्षण के कार्य, चारागाह विकास सहित अन्य कार्य करा सकते हैं।