टीम ने देसी घी के दो नमूने जांच के लिए भेजे
फाेटो संख्या 6
बड़ौत। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शनिवार को नगर में कई स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। त्रिलोक मार्केट में देशी घी की दुकान से 30 किलोग्राम घी जब्त कर दो नमूने भी लिए। छापेमारी से दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
विभाग के सहायक आयुक्त मानवेंद्र सिंह के नेतृत्व में शनिवार को बड़ौत की त्रिलोक मार्केट में घी की दुकानों पर छापेमारी की। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन बागपत की टीम ने यहां स्थित हरियाणा घी स्टोर पर की गई छापेमारी में देसी घी में मिलावट का संदेह हुआ। इस पर देसी घी के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए और 30 किलोग्राम घी भी जब्त किया। मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि लिए गए नमूनों में प्रताप शुद्ध देसी घी ब्रांड का एक नमूना व खुले देशी घी का एक नमूना शामिल है। नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला लखनऊ भेज दिए गए हैं। अग्रिम कार्यवाही जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर की जाएगी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेशचंद्र और नेहा चौधरी भी मौजूद रहे।