छपरौली। कस्बे के जन कल्याण समिति कार्यालय पर बैठक हुई। वक्ताओं ने कहा कि कस्बे के चौधरी चरण सिंह राजकीय महाविद्यालय में केवल बीए की कक्षाएं ही चलती है, जबकि बीएससी और बीकॉम की पढ़ाई के लिए छात्र-छात्राओं को बड़ौत जाना पड़ता है। जिससे खर्चा भी अधिक वहन करना पड़ता है और समय भी बर्बाद होता है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिस कारण छात्राओं की पढ़ाई भी पूरी नहीं हो पाती। महाविद्यालय में स्नातक कक्षा में विषय बढ़ाने की मांग की गई। बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से मिलने का निर्णय लिया। मौके पर संजीव कुमार, बिजेंद्र सिंह, चंद्रपाल सिंह हलालपुर, जितेंद्र, बाबूराम, देवेंद्र पहलवान, महबूब अली, सुधीर मौजूद रहे।