बागपत कोतवाली के बाहर सीओ की गाड़ी का घेराव करते बसपाई।
- फोटो : amar ujala
बागपत में रंगदारी का कारोबार बंद होने का नाम नहीं ले रहा है। इस बार बसपा के पूर्व लोकसभा प्रभारी हाजी फिरोज से फोन पर रवि खट्टा के नाम से आठ लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। धमकी दी कि रकम नहीं दी तो उसे और उसके बच्चों को जान से मार दिया जाएगा। इससे वे काफी भयभीत है। बसपा के बागपत विधान सभा प्रत्याशी अहमद हमीद के नेतृत्व में लोगों ने सीओ से केस का खुलासा करने की मांग की है।
बागपत के चमरावल रोड पर स्थित राशिद कालोनी निवासी हाजी फिरोज पुत्र मुन्ना खान, बसपा के पूर्व लोक सभा प्रभारी है। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को वे जरूरी कार्य से लखनऊ गए हुए थे। दोपहर 12:25 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने उनसे आठ लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
रुपये देने में असमर्थता जताई तो उनके परिजनों और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि तेरे बच्चों के नाम अरबान तथा सुहैल है। वे जिस स्कूल में पढ़ते हैं। उस स्कूल का नाम भी बताया तथा कहा कि मेरे आदमी तेरे और तेरे परिवारवालों के पीछे लगे हुए हैं। तूने रुपये नहीं दिए तो मौका मिलते ही जान से मार देंगे। फोन करने वाले ने अपना नाम रवि खट्टा बताया। इससे वे काफी भयभीत है।
शुक्रवार दोपहर बसपा के विधानसभा प्रत्याशी अहमद हमीद के नेतृत्व में काफी लोगों ने कोतवाली पर पहुंचकर सीओ कर्मवीर सिंह से केस का खुलासे करने की मांग की है। क्षेत्राधिकारी कर्मवीर सिंह का कहना है कि नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया गया है। जांच शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। बता दें कि चार अप्रैल को बड़ौत के खल व्यापारी ब्रिजेश से 30 लाख रुपये की खत डालकर रंगदारी मांगी गई थी। इसके साथ ही कपड़ा व्यापारी डीके जैन से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।