बड़ौत (बागपत)। जनता वैदिक डिग्री कॉलेज में शनिवार को छह-सात युवक लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर क्लास में घुस गए। उन्होंने बीए प्रथम वर्ष के छात्र पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल छात्र के परिजन कोतवाली में पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
छात्र विजय राठी पुत्र अमरपाल राठी गांगनौली गांव का रहने वाला है। वह जनता वैदिक दिन कॉलेज में बीए प्रथम का छात्र है। शनिवार सुबह किसी बात को लेकर उसकी कॉलेज के बाहर खड़े कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। जिस समय विजय क्लास में पढ़ रहा था, तभी कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर क्लास में घुस गए और छात्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे क्लास में अफरातफरी मच गई। सूचना पर कॉलेज प्राचार्य डॉ. जयकुमार सरोहा व अन्य मौके पर पहुंचे, तो आरोपी घायल छात्र को पुलिस में शिकायत करने पर धमकी देते हुए फरार हो गए।
छात्र ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन घायल छात्र को लेकर कोतवाली में पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने दबिश देकर दो युवकों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। प्राचार्य का कहना है कि एक बच्चे के साथ कहासुनी हो गई थी, मारपीट जैसा कोई मामला नहीं है। कोतवाली में कॉलेज की तहरीर दी गई है।