नानौता। नगर के ईदगाह रोड स्थित रुहाड़ा पुल के पास करीब 30 वर्षीय युवक का शव पानी में उतराता मिला। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
बृहस्पतिवार को नगर के मोहल्ला कानूनगोयान में ईदगाह रोड स्थित रूहाड़ा पुल के पास सुबह करीब साढ़े दस बजे शव को देख कर आस पास के खेतों में काम कर रहे किसानों सहित काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाल कर जांच पड़ताल की। मृतक के दोनों हाथों में विभिन्न तरह के टैटू की आकृतियां बनी हुई हैं। एक हाथ पर महादेव लिखा टैटू तथा दूसरे हाथ पर दिल के टैटू में ए बना हुआ है। पुलिस ने बताया कि शव की हालत देखने से लगता है कि वह गत रात से ही पानी में पड़ा हुआ था। शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए आस पास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।