बड़ौत। गुराना रोड पर शुक्रवार की दोपहर एक विवाहिता का फांसी के फंदे पर शव लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग पूरी न करने पर हत्या का आरोप लगाया और हंगामा किया। पुलिस से कार्रवाई की मांग को लेकर उनकी नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका सना (23) पुत्री नवाब अली बोहला गांव की रहने वाली थी। उसकी तीन साल पहले गुराना रोड गली नंबर आठ निवासी अख्तर के साथ शादी हुई थी। शुक्रवार को सना का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर मायके पक्ष के लोग वहां पर पहुंचे और ससुरालियों पर दहेज में पांच लाख रुपये न देने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर एनएस सिरोही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो मायके पक्ष के लोगों ने कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान उनकी पुलिस और ससुराल पक्ष के लोगों के साथ नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत किया और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर का कहना था कि अभी तहरीर नहीं आई है, तहरीर आने पर जांच शुरू कर कार्रवाई की जाएगी।