दोघट। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर भड़ल पुलिस चौकी के सामने तेज रफ्तार डीसीएम ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित डीसीएम ट्रक पुलिस चौकी में जा घुसी। यहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भागकर जान बचाई।
बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर भड़ल पुलिस चौकी के समीप शुक्रवार रात करीब 12 बजे बुढ़ाना की तरफ से आ रहे डीसीएम ट्रक ने भड़ल गांव की तरफ से जा रही वरना कार को जोरदार टक्कर मार दी। बेकाबू डीसीएम पुलिस चौकी में घुस गई। हादसे के वक्त पुलिस चौकी में एसआई श्रीओम गौतम, एसआई रामवीर, हेडकांस्टेबल नेपाल, सिपाही आबिद मौजूद थे। उन्होंने किसी तरह भागकर जान बचाई। एसआई श्रीओम गौतम ने बताया कि पुलिस चौकी के सामने उन्होंने बड़े-बड़े पत्थर डाल रखे हैं। पत्थर ने होते तो गाड़ी चौकी में अंदर घुस जाती। हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ है। क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवा दिया है।
पहले भी हो चुका है हादसा
छह साल पहले भड़ल पुलिस चौकी पर बड़ा हादसा हो चुका है। अनियंत्रित ट्रक पुलिस चौकी में घुस गया था। जिसमें दो सिपाहियों की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद भी पुलिस प्रशासन ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। पुलिसकर्मी जान जोखिम में डालकर ड्यूटी करते हैं।
धनराशि मिलने पर भी नहीं हटाई चौकी
पीडब्ल्यूडी मुरादाबाद जेई अल्ताफ मलिक ने बताया कि बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग का निर्माण विश्व बैंक ने कराया है। एक साल पहले भड़ल पुलिस चौकी को हटाकर दूसरी जगह बनाने के लिए उन्होंने पुलिस विभाग को सात लाख 80 हजार रुपये दिए थे। इसके बाद भी चौकी को अभी तक यहां से नहीं हटाया गया है।