बागपत। बोल बम के जयघोष के साथ कांवड़िये तेजी से शिवालयों की तरफ बढ़ते जा रहे हैं। कांवड़ियों के आवागमन से जिले का माहौल भी भक्तिमय बन गया है।
शिविरों में श्रद्धालु कांवड़ियों की सेवा करने में जुटे हुए हैं और रात में कांवड़ियों को देखने के लिए लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। हरिद्वार व गंगोत्री से जल लेकर कांवड़िये आना शुरू हो गए हैं। कांवड़ यात्रा में कांवड़ियों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। हाईवे, गांवों और शहर में आस्था व श्रद्धा की अविरल धारा लगातार बह रही है। चारों ओर बम-बम भोले, हर-हर महादेव के जयघोष गुंजायमान हो रहे हैं। आने वाले दो दिन में हाईवे पर कांवड़िये ही दिखाई देंगे। हर तरफ बम-बम भोले की गूंज सुनाई देगी। कांवड़ियों की सेवा के लिए भक्तों ने भी शिविर लगाने की तैयारी कर ली है। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे, बागपत-मेरठ मार्ग और पुरा महादेव मंदिर में शिविर लगाए गए हैं। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान व पंजाब के कांवड़ियों की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं पुलिस चौकी भड़ल से लेकर बरनावा तक केसरिया रंग में रंग गई है। छोटे बच्चों से लेकर बड़े कांवड़ियाें में कांवड़ लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। शिवभक्त डीजे की धुन पर थिरकते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।
चौगामा क्षेत्र में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए रखे है। पुलिस को व्यवस्था बनाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।