बालैनी। पुरा महादेव मंदिर पर लगने वाले चार दिवसीय श्रावणी मेले में पहली बार एलईडी लगाकर गर्भगृह में जलाभिषेक का सीधा प्रसारण बाहर दिखाया जाएगा। इससे मंदिर में लाइन में लगे और आसपास बैठे श्रद्धालु जलाभिषेक होता देख सकेंगे। उधर, बृहस्पतिवार को एडीजी और डीआईजी ने मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का निरीक्षण किया। साथ ही मेला शुरू होने से पहले तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए।
ऐतिहासिक पुरा महादेव मंदिर पर 21 से 24 जुलाई तक चार दिवसीय श्रावणी मेला लगेगा, इसमें हरिद्वार, गोमुख से कांवड़ लेकर आने वाले 20 लाख से अधिक कांवड़िये भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करेंगे। इसको लेकर बृहस्पतिवार को एडीजी भानु भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कावंड़ियों के आने जाने वाले रास्तों और पार्किंग की स्थिति देखी। इसके बाद बेरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे और गर्भगृह का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने और कांवड़ मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। उधर, पुरा महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष सुनील रोहटा ने चिकित्सा कैंप, शौचालय, स्नान और पीने के पानी की व्यवस्था कराने की मांग की। इस मौके पर मंदिर समिति अध्यक्ष सुनील रोहटा, एसपी सुरज कुमार राय, मुख्य पुजारी जयभगवान शर्मा, ब्रह्मपाल प्रधान, सचिन, संजीव शर्मा मौजूद रहे।