बागपत। निकाय चुनाव में शहर की जैन धर्मशाला को मतदान केंद्र बनाने पर एक कन्या की शादी पर संकट खड़ा हो गया है। क्योंकि प्रशासन नौ मई को धर्मधाला का अधिग्रहण करना चाहता है तो जैन समाज के लोग शादी होने पर दस मई को धर्मशाला प्रशासन को देने के लिए तैयार है।
निकाय चुनाव में प्प्रशासन ने जैन धर्मशाला को मतदान केंद्र बना लिया है। जिसके चलते अधिकारी नौ मई को धर्मशाला का अधिग्रहण कर मतदान की व्यवस्था पूर्ण कराने की तैयारी में है और धर्मशाला के अध्यक्ष को नोटिस भी जारी किया। लेकिन अध्यक्ष पंकज कुमार जैन ने नोटिस पर हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया। श्री 1008 अजितनाथ दिगंबर जैन मंदिर के अध्यक्ष पंकज कुमार जैन का कहना है कि नौ मई को एक कन्या की शादी के लिए मार्च माह में जैन धर्मशाला बुक की गई थी। पहले बिना जानकारी दिए ही अधिकारियों ने धर्मशाला को मतदान केंद्र बना दिया और अब नौ मई को खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। ऐसे में दूसरी धर्मशाला बुक भी नहीं हो सकेगी। उन्होंने कहा कि दस मई की दोपहर तक धर्मशाला मतदान के लिए खाली कर दी जाएगी। समिति के प्रबंधक बिजेंद्र कुमार जैन, उपाध्यक्ष लवी कुमार जैन, कोषाध्यक्ष पीयूष कुमार जैन, महामंत्री संजीव जैन ने कहा कि प्रशासन के इस तरह से नोटिस भेजने से समाज के लोगों में रोष है।