शबगा गांव के मृतक मोनू का फाइल फोटो
- फोटो : amar ujala
बागपत के छपरौली क्षेत्र के शबगा गांव में सोमवार की रात घेर में सो रहे एक युवक की हत्या कर शव को वहीं पड़े रेत में दबा दिया। मंगलवार सुबह हत्या की सूचना पर पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शबगा के जगवीर की गांव में हलवाई की दुकान है। जगवीर का छोटा लड़का मोनू (23 वर्ष) तमिलनाडू में कपड़े बेचने के कार्य में ठेकेदारी करता था। कुछ समय पहले की वह घर पर आया था और आठ फरवरी को वहां पर जाना था। परिजनों के मुताबिक मोनू सोमवार की रात करीब नौ बजे खाना खाकर पड़ोसी जगदेव के घेर में सोने चला गया। जगदेव से जगवीर का काफी मेलजोल है। मंगलवार को सुबह करीब पांच बजे जगदेव अपने घर से घेर में पशुओं को चारा डाले गया तो कमरे का दरवाजा खुला था। अंदर जाकर देखा कि मोनू का शव रेत में दबा मिला। उसने तत्काल मोनू के परिजनों को बताया। सूचना पर पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची और जांच पड़ताल की।
मोनू के सिर में किसी धारदार औजार से हमला किया गया था। शव को देखकर लग रहा था कि उसके ऊपर हमलावरों ने सोते समय ही हमला किया और शव को चारपाई से नीचे डालकर उसे रेत में दबा दिया। चारपाई पर बिछाए गए कपड़े और तकिया खून से लथपथ थे। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के परिजनों ने तहरीर देकर पड़ोस के दो व्यक्तियों पर हत्या का शक जाहिर किया है। एसएसआई चितवन ने बताया कि मृतक के परिजनों ने एक युवक पर शक जाहिर किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शीघ्र की मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।