दोघट । कस्बा टीकरी में पत्नी और साली का हाथ काटने वाले बबलू को पुलिस ने दाहा गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने कहा वह पत्नी को लेने गया था, लेकिन साढू़ के परिवार ने उस पर हमला बोल दिया था। आरोपी को जेल भेजा गया।
शामली के टिटौली गांव निवासी बबलू कश्यप तीन मई को कस्बा टीकरी में अपने साढू़ सतीश के घर अपनी पत्नी लक्ष्मी को लेने के लिए आया था। दोनों के बीच तीन माह से विवाद चल रहा था। झगड़ा होने पर बबलू ने हमला कर पत्नी लक्ष्मी, साली बेबी के हाथ काट दिए थे, यही नहीं साढू़ के भाई कर्मवीर और उसकी पत्नी मुनेश पर हमला कर घायल कर दिया था। मुकेश की हालत अब भी गंभीर बनी है।
दोघट थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया पुलिस टीम ने बबलू को दाहा बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उस पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा। पुलिस पूछताछ में बबलू कश्यप बताया उसकी पत्नी लक्ष्मी को तीन माह पहले उसका साढू़ सतीश लेकर आया था। बार-बार कहने के बाद भी उसके साथ पत्नी को नहीं ले जाने दे रहा था। वारदात के दिन भी वह अपने तहेरे भाई की शादी में शामली के कांधला थाना क्षेत्र के नाला गांव में आया था। पुलिस का दावा है यहां पर आरोपी ने शराब पी ।
अपने साथी काला और अपने बेटे को लेकर टीकरी आ गया। यहां उसने अपनी पत्नी को घर चलने के लिए कहा, लेकिन बेबी ने इसका विरोध कर दिया। आरोपी ने कहा कर्मवीर, मुकेश, बेबी ने मिलकर उस पर हमला बोल दिया। इस बीच बेबी घर में रखा धारदार हथियार ले आई और उस पर हमला करने का प्रयास किया।
हमले से बचते हुए तबल को छीनकर सभी पर हमला कर दिया। इसके बाद अपने दो वर्ष के बेटे को लेकर खतौली में अपनी मौसी के घर चला गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर तबल टीकरी के जंगल से बरामद कर लिया।