खेकड़ा। क्षेत्र के ग्राम बसी में रात्रि में चोरों ने तीन मकानों से हजारों रुपये कीमत के जेवरात, कीमती कपडे़ आदि सामान चोरी किया। जबकि अन्य तीन मकानों में जागने के बाद चोरी का प्रयास विफल हो गया। ग्रामीणों ने चोरों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन चोर हाथ नहीं लगे।
शुक्रवार की रात्रि में चोरों ने क्षेत्र के ग्राम बसी निवासी राकेश, अनूप और मुकेश के मकानों का निशाना बनाया। तीनों मकान मालिक परिजनों समेत मकान के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान चोर राकेश के मकान में घुसे और कमरे का ताला तोड़कर दो हजार रुपये, कीमती कपडे़ और पाजेब, अनूप के मकान से कीमती कपडे़, चार हजार रुपये और जेवरात, मुकेश के मकान से भी घरेलू सामान चुराया।
इसके अलावा चोरों ने पास के ही तीन अन्य मकानों को भी अपना निशाना बनाना चाहा, लेकिन लोगों के जागने के चलते शोर मचाने पर चोर भाग खडे़ हुए और जंगल में भागे। ग्रामीणों ने चोरों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन चोर ग्रामीणों के हाथ नहीं लगे। उन्होंने थाने तहरीर दी। चोरी की बढ़ती वारदातों से लोगों में पुलिस के प्रति गुस्सा है।