बरामद हुआ अपहृत छात्र आलोक उर्फ गोलू।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ौत। बिजरौल गांव से कक्षा तीन के छात्र का बुधवार की सुबह अपहरण होने से बिजरौल गांव में सनसनी फैल गई। देर रात दादरी पुलिस ने सूचना दी घर का नौकर बच्चे का अपहृत कर ले आया है।
सूचना पर बड़ौत पुलिस दादरी पहुंची और अपहृत बच्चे समेत नौकर को बड़ौत ले आई और नौकर के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेजा।
बिजरौल गांव का आलोक उर्फ गोली पुत्र राजीव बुधवार की सुबह सात बजे लापता हो गया था। वह कक्षा तीन का छात्र था। उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चला। बुधवार को देर रात दादरी पुलिस ने बच्चे के संबंध में सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
देर रात में गौतमबुद्धनगर जनपद के थाना दादरी से बड़ौत पुलिस को सूचना मिली कि बिजरौल गांव के एक बच्चे के साथ संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया है। रात में ही पुलिस दादरी पहुंची और बृहस्पतिवार की सुबह दोनों को लेकर कोतवाली आई।
थानाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट ने बताया राजीव का नौकर आकाश पुत्र हाकिम निवासी बदायूं आलोक को साइकिल पर बैठाकर ले गया था। उन्होंने बताया नौकर आकाश खर्चे के पैसे मांग रहा था लेकिन मालिक नहीं दे रहे थे। उसने अपहरण कर पैसा लेने की योजना बनाई थी, लेकिन वह फैल हो गई। पुलिस ने राजीव की तहरीर पर नौकर आकाश के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।