बागपत कोतवाली में मारपीट की जानकारी देते पीड़ित राशन डीलर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कुछ लोगों ने मोहल्ला न्यू मुगल पुरा में राशन डीलर पर हमला किया और दुकान में आग लगाने की धमकी दी। डीलर ने बताया अंगूठा मैच नहीं होने पर कार्डधारक को राशन देने से इंकार किया था। वारदात के बाज शहर के राशन डीलरों ने सीओ दफ्तर में प्रदर्शन कर हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की।
राशन डीलर जयकिशन की शहर के न्यू मुगल पुरा मोहल्ले में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान है। वह शनिवार सुबह राशन बांट रहा था। तभी मोहल्ले का ही एक व्यक्ति राशन लेने आया, उसके अंगूठा का पीओएस मशीन पर नमूना लिया तो मैच नहीं हुआ। डीलर ने संबंधित व्यक्ति को राशन देने से मना कर दिया।
मना करने पर आरोपी ने अपने चार-पांच साथियों के साथ मिल कर गाली-गलौज कर उस पर हमला कर दिया। इससे राशन डीलर चोटिल हो गया। आरोपी ने उसको जान से मारने और राशन की दुकान में आग लगाने की धमकी दी। इस वारदात का पता चलते ही शहर के राशन डीलर एकत्र हो गए।
सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता संघ के जिलाध्यक्ष कंवर पाल सिंह के नेतृत्व में राशन डीलरों ने कोतवाली और सीओ दफ्तर में प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इसमें आनंद प्रकाश, कुशल पाल, नरेश चौहान, विनय आदि रहे। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।