महराजगंज। शनिवार की सुबह 10 बजे को बस स्टेशन के सामने बैकुंठपुर के सभासद सुग्रीव पटेल का गेेहूं लदी ट्रैक्टर-ट्राली को पुलिस ने रोका तो हंगामा खड़ा हो गया। सभासद का गेहूं मऊपाकड़ मंडी भेजा जा रहा था। सभासद के लोगों का आरोप है कि पुलिस वाले रकम की मांग कर रहे थे। बाद में सभासद ने किसान बही दिखाई तो पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को जाने दिया।
ट्रैक्टर-ट्राली पर गेहूं लदा पुलिस ने रोका और चालक से पूछताछ शुरू की। पुलिस का कहना है कि शक के आधार ट्रैक्टर ट्राली को रोका गया। पुलिस को लगा कि गेहूं किसी कोटेदार के यहां से तो नहीं आ रहा है। सभासद का आरोप है कि पुलिस रकम की मांग कर रही थी। रकम नहीं मिली तो ट्रैक्टर-ट्राली को रोक दिया। बेवजह ट्रैक्टर-ट्राली को रोकने पर सभासद लाल-पीले हो गए। सभासद समेत उनके शुभचिंतकों और पुलिस के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। सभासद ने घर से किसान बही मंगाकर दिखाया तब जाकर करीब घंटे भर बाद हंगामा शांत हुआ। ट्रैक्टर-ट्राली को छोड़ दिया गया। फिर गेहूं को मऊपाकड़ मंडी में बेचा गया।
नगर चौकी इंचार्ज जयशंकर मिश्रा का कहना है कि पुलिस पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। शक होने पर जांच के लिए रोका गया फिर छोड़ दिया गया। बेवजह इस मामले को कुछ लोग तूल देने में लगे हैं।