जिला कारागार में बंद सुनील राठी की बैरक की निगरानी बढ़ गई है। रुड़की के चिकित्सक से रंगदारी मांगने के बाद से उससे जेल में मुलाकात करने वालों की संख्या घटी है। जो लोग मुलाकात के लिए पहुंचे हैं, उनकी भी गुपचुप तरीके से पड़ताल की जा रही है। सहारनपुर में देवपाल राणा की हत्या के बाद से गैंग पर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी।
कस्बा टीकरी का रहने वाले सुनील राठी बागपत जेल में बंद है। उसकी मां राजबाला चौधरी टीकरी नगर पंचायत की चेयरपर्सन है और वर्तमान में भी वह चुनाव लड़ रही हैं। सुनील करीब दो माह पहले उत्तराखंड की देहरादून जेल से बागपत कारागार में शिफ्ट हुआ। उस पर दो दर्जन से अधिक, हत्या, रंगदारी समेत विभिन्न धाराओं के मुकदमे दर्ज है।
उसके नाम से रुड़की के आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले डॉ. एनडी अरोड़ा से तीन नवंबर को 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। यह रकम उसकी मां राजबाला चौधरी को देने के लिए कहा। पीड़ित डॉ. की तहरीर पर रुड़की के गंगानगर थाने में सुनील राठी और उसकी मां राजबाला चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। रुड़की पुलिस राजबाला चौधरी को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट लाई गई राजबाला
रुड़की। देवपाल हत्याकांड की प्रतिछाया के बीच कोर्ट में किए गए कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच कुख्यात सुनील राठी की मां राजबाला की मंगलवार को कोर्ट में पेशी थी। जेल से ही कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच राजबाला को कोर्ट में पेश किया गया। राजबाला को लाने के लिए सुबह पुलिस की गारद जेल पर पहुंच गई थी। खुफिया तंत्र की निगरानी और कड़े सुरक्षा प्रबंध के बीच कोर्ट में पेशी के दौरान जब तक राजबाला वहां रही, तब तक पुलिसकर्मियों की सांस अटकी रही। पल-पल की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी जा रही थी। पेशी के बाद राजबाला को जेल भेज दिया गया।
कचहरी में चेकिंग पुलिस रही खाली हाथ
बागपत। सुनील राठी के साथी देवपाल राणा की रुड़की कोर्ट परिसर में गोली मारकर सोमवार को हत्या कर दी। जो सहारनपुर का रहने वाला था। हत्या के बाद से बागपत पुलिस भी अलर्ट नजर आई। मंगलवार को कचहरी में सघन चेकिंग अभियान चलाया । पुलिस का डॉग स्कवायड भी पूरे दिन कचहरी परिसर में घूमता रहा।
बागपत के जेलर पर पुलिस ने फिर कसा शिकंजा, भेजा रिमांडर
रुड़की। कुख्यात देवपाल राणा की गैंगवार में हुई हत्या के बाद पुलिस ने डॉ एनडी अरोड़ा से मांगी गई रंगदारी के मामले में बागपत जेलर पर फिर से शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने नोटिस का रिमांडर बागपत जेलर को भेजा है। डॉ एनडी अरोड़ा से बागपत जेल में बंद कुख्यात सुनील राठी के नाम से रंगदारी मांगी गई थी।