बागपत के बालैनी क्षेत्र के ढ़िकौली गांव से छह सितंबर से लापता नौवीं कक्षा के छात्र अर्जुन कुमार की हत्या कर दी गई। उसका शव डौलचा गांव में एक किसान के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। गले में बेल्ट लिपटी हुई थी, जिससे उसकी गला घोंट कर हत्या की गई थी। परिजन उसके दोस्तों पर ही हत्या का शक जता रहे है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की है।
किसान जयपाल सिंह का एकलौता बेटा अर्जुन, छह सितंबर को सुबह 11 बजे खाना खाने के बाद घर से अपने घेर में गया था। उसके बाद वापस नहीं लौटा था। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला। उसी दिन पिता की ओर से गुमशुदगी की रिपोर्ट चांदीनगर थाने में दर्ज कराई थी।
जिसे बाद में पुलिस ने परिजनों के शक के आधार पर अपहरण में तरमीम कर लिया था। पुलिस और परिजन उसकी तलाश में लगे हुए थे। पुलिस को उसके मोबाइल की अंतिम लोकेशन बालैनी क्षेत्र की मिली थी। तभी से उसकी बालैनी क्षेत्र में ही तलाश जारी थी। बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे तलाश करते समय परिजनों को दत्तनगर रोड पर भट्टे के पास झाड़ियों में अर्जुन की लाल टी-शर्ट पड़ी मिली।
पुलिस और परिजनों को आशंका हो गई कि अर्जुन इसी क्षेत्र में है। शुक्रवार सुबह डौलचा गांव के किसान राजवीर के ईख के खेत में अर्जुन की लाश मिल गई। उसके गले में बेल्ट लिपटी थी। हत्यारों ने उसकी बेल्ट से गला घोंट कर हत्या की थी। घटनास्थल भट्टे से करीब 200 मीटर की दूरी पर है।
खेकड़ा सीओ श्वेताभ पांडेय का कहना है कि अर्जुन की अपहरण कर हत्या किसने की? अभी इसका पता नहीं चल पाया है। हत्या कब की गई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर इसका पता चल सकेगा। मृतक के परिजनों ने दो लोगों पर शक जताया है। उनकी तलाश की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
बागपत। जयपाल सिंह के एकलौता बेटा अर्जुन था। इसके अलावा उनके तीन बेटी है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।
फोन करके बुलाया था अर्जुन को
बागपत। जयपाल सिंह का कहना है कि उसके बेटे अर्जुन को किसी ने फोन करके बुलाया था। गांव के कई लोगों ने अर्जुन को मोबाइल पर बातें करते हुए मेरठ रोड की ओर जाते हुए गांव के मंदिर तक देखा था।
एक दिन पूर्व भी बुलाया था दोस्त ने
बागपत। परिजनों का कहना है कि अर्जुन को उसके दोस्त ने पांच सितंबर को भी फोन करके अपने घर पर बुलाया था। उस दिन अर्जुन थोड़ी देर बाद घर वापस लौट आया था।
नहीं मिला अर्जुन का मोबाइल
बागपत। मृतक अर्जुन के पास कोई सामान नहीं मिला। उसका मोबाइल भी गायब है, जो स्विच ऑफ है। पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है।
हत्या कर खेत में फेंका शव
बागपत। जिस ईख के खेत में शव मिला, वहां पर न फसल टूटी हुई मिली और न ही किसी तरह के निशान मिले। आशंका जताई जा रही है कि अर्जुन की किसी अन्य जगह पर हत्या कर शव यहां फेंका गया है।
रंजिश होने से किया इंकार
बागपत। किसान जयपाल सिंह का कहना है कि उसकी किसी से कोई रंजिश नही है। उसके बेटे की हत्या किसने और क्यों की है? इसका कोई पता नहीं है।
टी-शर्ट मिलते ही कर दिया था ऐलान
बागपत। अर्जुन का दत्तनगर रोड पर टी-शर्ट मिलते ही ढ़िकौली गांव में ऐलान कर दिया गया था। गांव के लोग उसकी तलाश करने के लिए खेतों में पहुंच गए थे।