शरफाबाद गांव के जवाहर नवोदय विद्यालय की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़ा हो गया। दो दिन पहले दीवार कूदकर विद्यालय से 11 वीं का छात्र आकाश धामा भाग गया। चांदीनगर थाना में अपहरण की धारा में रिपोर्ट दर्ज हुई।
पुलिस के मुताबिक खेकड़ा की पट्टी चक्रसैन निवासी आकाश धामा पुत्र विनोद धामा, जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 11 में पढ़ता है। 08 सितंबर को वह स्कूल से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। बच्चों की गिनती की गई तो वह गायब मिला। पता चलते ही स्कूल में हड़कंप मच गया। उसको आसपास और रिश्तेदारी में तलाश किया गया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
बाद में विद्यालय की प्रधानाचार्या अभिलाषा सिंह ने चांदीनगर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने अपहरण की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। शनिवार शाम छात्र आकाश अचानक चांदीनगर थाना पहुंच गया।
सीओ श्वेतांभ पांडेय का कहना है कि छात्र आकाश अपनी मर्जी से स्कूल की दीवार कूदकर भागा था। वह खुद ही लौट आया है। उसने बताया वह दिल्ली रिश्तेदारी में गया था। उससे जानकारी की जा रही है। इस संबंध में विद्यालय के स्टाफ को भी अवगत करा दिया गया है।
बता दे कि 12वीं की छात्रा भी पिछले दिनो रहस्यमय ढंग से विद्यालय से गायब हो गई थी। बाद में वह मेरठ से मिली थी। इस मामले में स्कूल को भारी फजीयत झेलनी पड़ी थी। लगातार बच्चों का स्कूल से गायब होना स्कूल की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर रहा है। इस संबंध में प्रधानाचार्य अभिलाषा सिंह से संपर्क करने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।