नेहरू मूर्ति के नजदीक शनिवार की रात में दो दुकानों में छत से नकब लगाकर चोर लाखों का सामान चोरी कर ले गए। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली।
नेहरू मूर्ति के नजदीक आदिनाथ गार्मेट्स की दुकान है। इसके मालिक अमन जैन पुत्र अशोक जैन है। वे एक सप्ताह से बाहर गए थे और दुकान बंद थी। रविवार को जब वे दुकान पर आए और दुकान खोली तो दुकान की छत पर नकब लगी थी और सारा समान बिखरा पड़ा था।
बदमाश यहां से पांच हजार की नगदी, बीबीआर, एलसीडी, जींस, शर्ट और अन्य कीमती कपड़े चोरी कर ले गए। इनकी कीमत एक लाख रुपये के लगभग बताई। इसी दुकान के नजदीक आदित्य क्लाथ हाउस की दुकान है। इसके मालिक आदित्य पुत्र अरुण है।
वे शनिवार की रात आठ बजे दुकान बंद कर घर गए। जब सुबह उन्होंने दुकान खोली थी दुकान की छत पर नकब लगी थी और गल्ला टूटा पड़ा था। बदमाश यहां से 70 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। इस संबंध में उन्होंने चोर के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी।