युवकों से विवाद की जानकारी देता अधिवक्ता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कचहरी से घर लौट रहे अधिवक्ता के साथ हुई कहासुनी के बाद कई युवकों ने मारपीट की। आरोप है कि वकील पर फायर भी किया गया। इसके विरोध में अधिवक्ताओं ने कोतवाली में हंगामा किया। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी की। इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
शहर निवासी अधिवक्ता जसपाल राणा अपने साथी वकील देवेेंद्र धामा के साथ कार में सवार होकर कचहरी से घर लौट रहे थे। कार उनका ड्राइवर चला रहा था। अधिवक्ता ने पुलिस को बताया कि जैसे ही वह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कलक्ट्रेट के सामने पहुंचे तो एक ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मारी दी।
इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। अधिवक्ता ने इस पर नाराजगी जताई। इसी बीच पास ही खड़ी कार से कुछ युवक उतरे और अधिवक्ता के साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि उन फायर भी किया। पुलिस के सामने ही आरोपी फरार भी हो गए।
वारदात के बाद अधिवक्ता कोतवाली पहुंचे और हंगामा किया। भाकियू, सपा और नरेंद्र मोदी विकास मंच के पदाधिकारी भी अधिवक्ता के समर्थन में कोतवाली पहुंच गए। अधिवक्ताओं का कहना था कि आरोपियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए।
आरोपी सरूरपुर कलां गांव के रहने वाले हैं। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार से मिलकर गिरफ्तारी की मांग की। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोखर, भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर, संजय प्रजापति, सपा नेता बिल्लू प्रधान, अधिवक्ता विजयपाल तोमर, नगेश शर्मा, विपिन त्यागी मौजूद रहे।