दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रमाला थाना के पास दिनदहाड़े बदमाशों ने रोडवेज बस लूट ली। बदमाशों ने चालक और परिचालक को गन प्वांइट पर लेकर यात्रियों से लाखों रुपये लूटे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। कुछ यात्रियों ने रमाला थाने पर इसकी शिकायत दर्ज कराई है। उधर, पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी इसे चालक-परिचालक से मारपीट का मामला बता रहे है।
बड़ौत डिपो की रोडवेज बस, बृहस्पतिवार की दोपहर करीब दो बजे शामली से बड़ौत लौट रही थी। रमाला स्टैंड से बस में चार बदमाश सवार हुए, जो बावली गांव के लिए कहकर बैठे थे। जैसे ही बस रमाला थाना से आगे निकली, बदमाशों ने चालक सुशील और परिचालक रोहताश के तमंचे सटा दिया।
जिमानी गेट के पास बदमाशों ने यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी। उस समय बस में 40-42 यात्री सवार थे। बदमाशों ने तुगाना गांव की महिला रामकली के कानों से कुंडल खींच लिए। शामली के शौकीन से दो हजार रुपये, मोबाइल, ओम सिंह से एक हजार रुपये, मोबाइल, बिमलेश से 500 रुपये लूट लिए।
इसी तरह अन्य यात्रियों से लाखों रुपये की लूटपाट की। बाद में बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद यात्रियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को काफी तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। कई यात्री इतने भयभीत थे कि उन्होंने पुलिस कार्रवाई करने से ही मना कर दिया।
कुछ तो बगैर पुलिस से शिकायत किए ही अपने घर चले गए। बाद में कुछ यात्रियों ने घटना की रमाला थाना पर शिकायत की है। एएसपी विद्या सागर मिश्र का कहना है कि मामला चालक और परिचालक से मारपीट का है। किसी के साथ लूटपाट नहीं हुई है।
एआरएम अनुराग यादव का कहना है कि कुछ लोगों ने चालक और परिचालक के अलावा यात्रियों से अभद्रता की। जिस पर हंगामा हो गया है। लूट नहीं हुई है।बता दे कि मुजफ्फरनगर के गांव फुगाना निवासी अनुज से बिजवाड़ा गांव के रजवाहे के पास बुधवार दोपहर बदमाशों ने तमंचे के बल पर बाइक और नगदी लूट ली थी।