बागपत। मनचले की हरकतों से परेशान छात्रा के राष्ट्रपति से इच्छा मृत्यु मांगने का मामला अभी शांत नहीं हुआ, शनिवार को एक ओर गंभीर मामला सामने आ गया। एसपी दफ्तर पहुंचे रेप पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट केवल एक आरोपी के खिलाफ दर्ज की। अब पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है, जबकि आरोपी खुलेआम केस में समझौते का दबाव बना रहे हैं। इससे पूरा परिवार दहशत में है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने बताया तीन युवक उसकी 14 वर्षीय बेटी को खेकड़ा की एक फैक्ट्री के सामने से 12 सितंबर की शाम को जबरदस्ती खेत में ले गए और आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था।
पता चलने पर खेकड़ा थाना में शिकायत की। आरोप है पुलिस ने उनसे केवल एक आरोपी के खिलाफ तहरीर ली थी। दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने से इंकार कर दिया था। कोर्ट में बयान दर्ज हो चुके हैं, लेकिन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है।
आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और समझौते का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे पूरा परिवार दहशत में है।
उसने अपने परिवार के साथ शनिवार को एसपी दफ्तर पर पहुंचकर शिकायत की । सीओ श्वेताभ पांडेय ने कहा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो सामने आएगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।