बागपत । दरोगा पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला बृहस्पतिवार को नगर में घूमती रही, लेकिन शिकायत करने पुलिस के पास नहीं पहुंची। पुलिस अफसर पूरा दिन उसका इंतजार करते रहे।
शामली की एक महिला ने बुधवार को एसपी दफ्तर पहुंचकर शिकायत की थी कि उसके भाईयों के खिलाफ रेप का कोतवाली में मुकदमा दर्ज है, जो पूरी तरह से फर्जी है। उसका उसके पति से विवाद चल रहा है। आरोपी पति ने उस पर दबाव बनाने के लिए साजिश के तहत उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
इस मामले में दरोगा ने केस खत्म करने का झांसा देकर उसे बागपत बुलाया, बाद में उसे अपने कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। एसपी से दफ्तर पर उसकी मुलाकात नहीं हो पाई थी। उधर, दरोगा का कहना था कि महिला द्वारा लगाया गया आरोप पूरी तरह से गलत है। इस संबंध में उनके पास फोन आया था, फोन पर उसे रेप के केस में फंसाने की धमकी दी गई थी। उसने पुलिस अफसरों को रिकोर्डिंग पेश कर दी थी।
बृहस्पतिवार शाम तक रेप पीड़िता शिकायत करने न कोतवाली पहुंची न ही अन्य पुलिस अफसरों के पास। अफसर पूरे दिन उसकी शिकायत का इंतजार करते रहे। पुलिस सूत्रों की माने तो महिला शहर में घूमती हुई दिखाई दी। पुलिस ने उसे तलाश किया, लेकिन तब तक वह वहां से जा चुकी थी। सीओ कर्मवीर सिंह का कहना है कि महिला ने उनके पास अभी तक कोई शिकायत नहीं की है। इसी तरह कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने कहा कि कोतवाली में इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है।