बागपत। 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर परमवीर तुगाना की तलाश में पुलिस ने पानीपत के सिंभालका में दबिश दी। पुलिस का कहना है कि बुधवार को परमवीर गैंग में आपस में झगड़ा हुआ था। इसमें उसका एक साथी घायल हुआ है। घायल युवक ने बताया हमला करने वाले उसके साथी उससे पिस्टल लूटकर ले गए हैं। पुलिस को वहां बंदूक के दो कारतूस बरामद हुए हैं।
तुगाना गांव के परमवीर पर दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। 12 अगस्त 2014 में पुलिस सुरक्षा में ट्यौढ़ी गांव में बड़ौत तहसील के सब रजिस्ट्रार रामकिशोर और उनके पड़ोसी राजवीर की हत्या हुई थी। हत्या का आरोप परमवीर और उसके साथियों पर लगा था। पुलिस तभी से ही उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है। परमवीर पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। एक सप्ताह से पुलिस ने उसकी धरपकड़ तेज कर दी।
पहले तुगाना गांव में दबिश देकर तीन लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने परमवीर के ठिकाने बताए। पुलिस ने बुधवार को शामली गांव में दबिश देकर उसके बेहद करीबी बताए जाने वाले आरोपी युवक को हिरासत में लिया। क्राइम ब्रांच सीओ श्वेताभ पांडेय को गांव के लोगों ने बताया परमवीर वहां पर आता-जाता है। उसके साथियों का आपस में बुधवार को झगड़ा हो गया था। इसमें एक घायल हो गया था। उसके साथी उस पर हमला करके उसकी लाइसेंसी पिस्टल लूटकर ले गए है। वहां पर खड़ी कार से बंदूक के दो कारतूस बरामद हुए है।