खेकड़ा (बागपत)। शुक्रवार को दोपहर के समय दिल्ली से हरिद्वार जा रही यात्री ट्रेन में दो बदमाशों ने बड़ौत निवासी युवक से नगदी और मोबाइल लूट लिया। शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ट्रेन में सवार जीआरपी के जवानों ने दोनों बदमाशों को दबोच लिया। जवान बदमाशों और पीड़ित को लेकर बड़ौत जीआरपी थाने चले गए।
बड़ौत की नई बस्ती निवासी इनाम पुत्र बबलू शुक्रवार को दोपहर 12 बजे दिल्ली से वाया शामली हरिद्वार जा रही पैसेंजर ट्रेन 54475 में सवार होकर दिल्ली से बड़ौत जा रहा था। जब ट्रेन खरखरी रेलवे स्टेशन से गोठरा रेलवे स्टेशन के लिए चली, तभी ट्रेन में सवार दो बदमाशों ने इनाम से नगदी और मोबाइल लूट लिया और भागने लगे। तभी पीड़ित के शोर मचाने पर उक्त बोगी में ही तैनात जीआरपी के जवानों ने दोनों को यात्रियों के सहयोग से दबोच लिया।
ट्रेन में दिन दहाड़े यात्री से लूट के चलते बोगी में सवार अन्य यात्रियों ने लुटेरों की धुनाई की। ट्रेन में लूटपाट की सूचना मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान किसान ने ट्रेन के गार्ड को भी जानकारी दे दी। सूत्रों के अनुसार दोनों लुटेरे ग्राम घिटोरा एवं अहमद नगर के बताए जा रहे हैं। इसके बाद जवान पीड़ित एवं दोनों लुटेरों को लेकर जीआरपी के जवान बड़ौत जीआरपी थाने के लिए रवाना हो गए। साथ ही गार्ड ने खेकड़ा रेलवे स्टेशन मास्टर को भी ट्रेन में हुई लूट की लिखित सूचना दी।