कोताना गंाव के जंगल में ट्यूबवेल के कमरे में खूंटी से लटका एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शिनाख्त जौनमाना गांव के रविंद्र (50) के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने हत्या का संदेह जताते हुए तहरीर दी है।
परिजनों के मुताबिक रविंद्र अविवाहित था। उसने कोताना गांव के जंगल में जमीन ली हुई थी। इसी पर ट्यूबवेल भी है। रविंद्र अधिकांश खेत पर ही रहता था। बृहस्पतिवार से वह खेत पर ही था। शुक्रवार को ट्यूबवेल पर दो मजदूर गए थे, जिन्हें शाम को वह बाइक से गांव के नजदीक छोड़कर भी आया था।
वह शराब भी पिए हुए था। शनिवार की सुबह बड़ा भाई राजकुमार खेत में उसका खाना लेकर गया, तो ट्यूबवेल का ताला बंद था। राजकुमार की सूचना पर ग्रामीण भी पहुंच गए। जब उन्होंने ट्यूबवेल के ऊपरी कमरे में देखा तो रविंद्र का शव कमरे की खूंटी पर टंगा हुआ था।
पायजामे के नाड़े से फांसी लगाई गई थी। सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी रामजीलाल ने शव को नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इस संबंध में राजकुमार ने हत्या का संदेह जताते हुए कोतवाली में तहरीर दी। इस बाबत थानाध्यक्ष रामजीलाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में आगे कारवाई की जाएगी। मृतक रविंद्र चार भाई है। रविंद्र दूसरे नंबर का था। रंजिश से इंकार किया है। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा था।