गौरीपुर जवाहर नगर में विलाप करते ब्रह्मसिंह के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
गौरीपुर गांव के भट्ठा कर्मचारी ब्रह्मसिंह (34) की हरियाणा के गांव मुथरल में शव मिलने के मामले में शनिवार को गांव में पंचायत हुई। मृतक की मां अंगूरी का कहना है कि उसके बेटे की हत्या की गई है। पंचायत में उन पर रुपये लेकर चुप बैठने का दबाव बनाया जा रहा है। वह हत्या का मुकदमा दर्ज कराएंगे।
महिला अंगूरी का कहना है कि 24 जुलाई को भट्टे का मुनीम उनके घर पहुंचा और उसके बेटे ब्रह्म सिंह को भट्टे के लिए कोयला लाने के लिए बुलाकर ले गया। उसके बाद ब्रह्म सिंह घर नहीं लौटा। छानबीन के बाद 29 जुलाई को लोगों के कहने पर मुनीम को उसके गांव के लोग गौरीपुर लेकर पहुंचे। पहले तो उसने कोई जानकारी नहीं दी।
लेकिन जब पुलिस को बुलाया गया तो उसने बता दिया कि ब्रह्मसिंह का मुरथल के जंगल में शव पड़ा हुआ है। जब मुरथल पहुंचे तो पता चला कि हरियाणा पुलिस ने उसका लावारिस में अंतिम संस्कार कर दिया। फोटो और कपड़ों से उनकी शिनाख्त की। उधर, आरोपी मुनीम को निवाड़ा चौकी पुलिस उसी समय अपने साथ ले गई थी।
अंगूरी का कहना है कि गांव के लोगों ने इस मामले में शुक्रवार की रात गांव में पंचायत की। पंचों ने कहा कि 20-30 हजार रुपये की मदद करा दी जाएगी। मृतक की पत्नी की पेंशन करा देंगे। इस मामले में कोई कार्रवाई मत करो, अपने घर पर आराम से चुपचाप बैठ जाओ, उन्होंने पुलिस को आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
ग्राम प्रधान के पति सोचंद का कहना है कि युवक ब्रह्मसिंह की मौत के मामले में गांव में कोई पंचायत नहीं हुई है। उधर निवाड़ा चौकी प्रभारी एमपी सिंह का कहना है कि ब्रह्म सिंह की मौत के मामले में आरोपी मुनीम को पूछताछ कर छोड़ दिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है।