बागपत शहर की महावीर वाली गली में स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकान का चोरों ने बृहस्पतिवार रात ताला तोड़कर करीब साढ़े तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। इससे शहर में हड़कंप मच गया। घटना की कोतवाली पर शिकायत की गई है।
बागपत के सिसाना रोड निवासी मनोज वर्मा ने बताया कि उनकी रेडीमेड कपड़ों की दुकान महावीर वाली गली में है। बृहस्पतिवार रात वे प्रतिदिन की तरह दुकान बंद करके घर लौटे थे। शुक्रवार तड़के दुकान का ताला टूटा हुआ था और दुकान खुली हुई थी। पड़ोस के लोगों ने घटना की जानकारी उन्हें दी। वे तुरंत दुकान पर पहुंचे तो उन्हें दुकान से काफी सामान गायब मिला। तलाश करने पर सामान का कहीं पता नहीं चला।
उन्होंने बताया कि दुकान से करीब साढ़े तीन लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। घटना को लेकर शहर में हड़कंप मच गया। उन्होंने घटना की कोतवाली पर शिकायत की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा दाहा गांव में बस स्टैंड पर तेजपाल की मिठाई और चाय की दुकान है। बृहस्पतिवार की रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर बैटरी, इंवर्टर, मिठाई और 15000 रुपये की नगदी चोरी कर ली। इस संबंध में उसने थाने पर तहरीर दी है।
चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने को प्रदर्शन
बागपत। असारा गांव के सोहनवीर सिंह का कहना है कि 11 दिसंबर को वे परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। देर रात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर 42 हजार रुपये समेत करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। शिकायत करने के बावजूद रमाला पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उसने अपने परिजनों के साथ शुक्रवार को एसपी दफ्तर पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।