बागपत। शहर के देशराज मोहल्ला के बिजली मिस्त्री रवि की 28 अप्रैल को हुई हत्या के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर केस का खुलासा किया। पुलिस का दावा है कि रोडरेज में रवि की जान गई है। आरोपियों को जेब खर्च के लिए रुपये की जरूरत थी। इसलिए ठेके के पास लूट करने के लिए गए थे। रवि ने बाइक छीनने का विरोध किया तो उसकी आरोपियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उनको जेल भेजा।
सीओ श्वेताभ पांडेय ने पत्रकार वार्ता में बताया इस मामले में तीन मुल्जिम मनोज पुत्र विजयपाल निवासी सोनीपत रोड गौरीपुर, अमित पुत्र थम्बू निवासी गौरीपुर और नीरज पुत्र मनोज निवासी निकट गेस्ट हाउस बागपत प्रकाश में आए थे। आरोपी मंगलवार की रात में बाघू नौरोजपुर-गौरीपुर रोड पर हाजी ईशाक के नलकूप के पास दो बाइकों पर लूट के इरादे से खड़े थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उनको पकड़ लिया।
पूछताछ करने पर आरोपियों ने रवि की हत्या करने का इकबाल किया।
उन्होंने बताया उनके पास जेब खर्च तक के लिए रुपये नहीं थे, इसीलिए रवि से बाइक लूटने का प्रयास किया, इसके विरोध करने पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, एक छुरी, कारतूस, दो बाइक और रवि का लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार रवि की हत्या करने के बाद अमित अपने साथियों के साथ गांव में गया। बाद में नलकूप पर जाकर शराब पी। उधर, सीओ ने बताया आरोपी पहले दिन भी शराब के ठेके के पास शराबियों से लूटपाट करने के लिए गए थे, लेकिन ढाबा के पास स्थित अंडे की दुकान पर पुराना कस्बे के ही एक युवक से उनका विवाद हो गया था। उसके बाद आरोपी वापस लौट आए थे।