दिल्ली से हरिद्वार जा रही अजमेर एक्सप्रेस में दो युवकों को कांवड़ियों ने धक्का देकर ट्रेन से गिरा दिया। इससे युवक गंभीर घायल हो गए।
घायल देशपाल पुत्र बेगराज निवासी कमालपुर जनपद मुजफ्फरनगर और उसकी बुआ का लड़का निवासी मुजफ्फरनगर रविवार की तड़के अजमेर एक्सप्रेस में कोटा राजस्थान से शामली के लिए आ रहे थे। जब यह ट्रेन बड़का गांव के पास पहुंची तो ट्रेन में सवार कुछ कांवड़िये दोनों युवकों को धक्का देने लगे।
उनसे कहासुनी हुई तो बड़ौत रेलवे स्टेशन के नजदीक ट्रेन धीमी होने पर उन्हें धक्का दे दिया। इससे दोनों गंभीर घायल हो गए। जीआरपी ने उन्हें बड़ौत सीएचसी में भर्ती कराया और उनके परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन उन्हें अपने साथ ले गए।
ट्रेन की छत पर करंट से दो कांवड़िए झुलसे
हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन रविवार तड़के करीब चार बजे पहुंची मेला स्पेशल ट्रेन की छत पर चढ़े दो कांवड़िए इलेक्ट्रिक लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में दोनों को जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
निरीक्षक जीआरपी राजेंद्र सिंह ने बताया कि कांवड़ियों की पहचान सतीश (26) पुत्र प्रकाश निवासी गांव जावली थाना लोनी जिला गाजियाबाद और रवि तोमर (30) पुत्र राजेंद्र निवासी गांव सिरसाना जिला बागपत के रूप में हुई है। ब्यूरो