बड़ौत (बागपत)। हिलवाड़ी गांव में बुधवार की रात में शादी समारोह में नाचकूद के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से एक किशोरी की मौत हो गई। इससे खुशी का माहौल रंज में बदल गया । सूचना पर सीओ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने गोली चलाने वाले दूल्हे के भाई को हिरासत में लेकर तमंचा बरामद किया। इस संबंध में किशोरी के पिता ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मृतका साजिदा (11) पुत्री जमशेद हिलवाड़ी गांव की रहने वाली है। हाल में वह गन्नौर हरियाणा में रह रही है और शादी में शरीक होने आई थी। हिलवाड़ी गांव के अनीस पुत्र इरशाद की बारात बृहस्पतिवार को गंगारू जनपद सोनीपत हरियाणा जानी थी। बुधवार की रात में घर में गाना-बजाना चल रहा था और खुशी से लोग नाचकूद रहे थे।
दूल्हा अनीस का छोटा भाई नौशाद तमंचे पर डिस्को गाने पर डांस कर रहा था और हाथ में तमंचा भी लिए था और वह गाने की तर्ज पर तमंचे से फायरिंग कर रहा था तो वहां पर उसके ही परिवार की साजिदा देख रही थी। तमंचे से चली एक गोली उसके पेट में लगकर पार हो गई और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
इस घटना से खुशी का माहौल गम में बदल गया और परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ सीपी सिंह और कोतवाली प्रभारी वीके सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली और शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा। पुलिस ने दूल्हे के छोटे भाई नौशाद को हिरासत में लेकर तमंचा भी बरामद किया। इस संबंध में मृतका शाजिदा के पिता जमशेद ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली प्रभारी वीके सिंह ने बताया तमंचे से गोली चलाने वाले एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ चल रही है। इस मामले में मृतका के पिता ने अज्ञात में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।