महिलाओं पर उत्पीड़न के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। मेरठ की एक महिला को बहला फुसलाकर तीन युवकों ने क्षेत्र में एक ट्यूबवेल पर ले जाकर गैंगरेप किया। पीड़ित ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने छापामार कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने कहा जांच की जा रही है।
मेरठ जिले की रहने वाली एक महिला ने रविवार को देर शाम दोघट थाने पहुंचकर बताया तीन युवक उसे बहला फुसलाकर अपने साथ एक गांव की ट्यूबवेल पर ले गए। यहां उसके साथ तीनों ने रेप किया। किसी से जिक्र करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित का कहना है कि वह किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर थाने तक पहुंची। महिला की शिकायत पर पुलिस ने ट्यूबवेल पर छापा मारकर दो युवकों को दबोच लिया। पूछताछ की। युवकों के बताए ठिकाने पर तीसरे आरोपी को भी दबोच लिया। महिला ने तीनों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कराया है।
उधर, आरोपी युवकों के पक्ष में थाने में लोगों का जमावड़ा लग गया। आरोपी पक्ष का कहना है कि आरोप बेबुनियाद हैं। दूसरी तरफ एसपी अजय शंकर राय ने कहा महिला ने शिकायत की थी, मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।