बागपत/मेरठ। गांगनौली कांड का लगभग खुलासा हो चुका है। पुलिस ने एक हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। पुलिस को हत्या के पीछे पूरी कहानी भी पता चल गई है, बस इंतजार है पीएसी के जवान प्रताप से लूटी गई एसएलआर की बरामदगी का। एसएलआर की बरामदगी के बाद पुलिस खुलास कर देगी। आईजी ने इस हत्याकांड के पीछे नजदीकियों का ही हाथ बताया है। उधर, सविता का बेटे पंकज को लेकर पुलिस कई जगह दबिश दे रही है।
गांगनौली गांव में पंकज राठी के घर ठहरे बदमाशों ने खूनी खेल खेला था। यह खुलासा पुलिस की जांच में हुआ है। पुलिस का कहना है कि पंकज के घर में दो बदमाश पहले से थे। उनके द्वारा ही दो पुलिसकर्मी समेत पांच लोगों की हत्या की गई। इस हत्याकांड के पीछे आरोपियों का क्या मकसद था? इसका खुलासा बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।
आईजी मेरठ जोन अजय आनंद के मुताबिक, गांगनौली में पीएसी के एचसीपी राकेश शर्मा, सिपाही विजय कुमार के अलावा सविता, उसकी बेटी प्रीति और पिता मांगेराम की हत्या का खुलासा चौंकाने वाला होगा। उनका दावा है कि हत्याकांड की साजिश घरवालों द्वारा ही रची गई है। जांच में सामने आया है कि पांच लोगों की हत्या को केवल दो बदमाशों ने अंजाम दिया था, जो पंकज के घर में पहले से मौजूद थे। इसके बाद बदमाश एक पुलिसकर्मी की एसएलआर भी लूटकर ले गए गए। पुलिस ने एक बदमाश को पकड़ लिया है, जिसने वारदात से जुड़ी अहम जानकारियां दी हैं। जबकि, दूसरा बदमाश फरार है।
उसके पास पुलिस की लूटी हुई एसएलआर भी है। दूसरे बदमाश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गांगनौली कांड का सही खुलासा कर देगी। यह वही बताएगा कि हत्याकांड के पीछे घरवालों में कौन शामिल रहा और उसका मकसद क्या था। पुलिस ने एक बदमाश के अलावा भी कई लोगों को उठाया है। केस की गुत्थी लगभग सुलझा ली गई है।